पिछले हफ्ते शेयर बाजार में उछाल के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप ₹30,786 करोड़ बढ़ा। HDFC बैंक, बजाज फाइनेंस और ICICI बैंक को भी तगड़ा मुनाफा हुआ। वहीं, TCS को ₹28,510 करोड़ का नुकसान हुआ।
Indias Top Companies Market Cap: पिछले हफ्ते यानी शुक्रवार 6 जून को शेयर बाजार तेजी पर बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 746 अंक उछलकर 82183 पर बंद हुआ तो वहीं, एनएसई निफ्टी में 252 अंकों की बढ़त रही और ये 25000 के ऊपर बंद होने में कामयाब रहा। इस दौरान देश की टॉप-10 कंपनियों में से 9 को जबर्दस्त मुनाफा हुआ, जबकि एक घाटे में रहीं। पिछले हफ्ते मार्केट कैप के लिहाज से देश की टॉप-10 कंपनियों में से 4 की वैल्यू 1 लाख करोड़ रुपए बढ़ी है।
जितना NBCC का मार्केट कैप, उतने तो Reliance ने हफ्तेभर में छापे
बीते हफ्ते मुकेश अंबानी की अगुआई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज को तगड़ा मुनाफा हुआ। कंपनी के मार्केट कैप में 30,786 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई और ये 19.53 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया। बता दें कि रियल एस्टेट और कंस्ट्रक्शन सेक्टर की कंपनी NBCC का जितना कुल मार्केट कैप है, उतना तो रिलायंस ने हफ्तेभर में कमा लिया।
इन तीन कंपनियों को भी तगड़ा मुनाफा
पिछले हफ्ते रिलायंस इंडस्ट्रीज के अलावा जिन कंपनियों को मुनाफा हुआ, उनमें HDFC बैंक 26668 करोड़ रुपए दूसरे नंबर पर रही। एचडीएफसी बैंक का कुल मार्केट कैप 15.15 लाख करोड़ रुपए हो गया। तीसरे नंबर पर बजाज फाइनेंस रही, जिसके मार्केट कैप में 12322 करोड़ का इजाफा हुआ और ये 5.82 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया। वहीं, चौथे नंबर पर ICICI बैंक रहा, जिसे 9790 करोड़ रुपए का फायदा हुआ और इसका कुल मार्केट कैप 9790 करोड़ बढ़कर 10.41 लाख करोड़ रुपए हो गया।
पिछले हफ्ते इन 9 कंपनियों ने की तगड़ी कमाई
कंपनी | मार्केट कैप में इजाफा | वर्तमान मार्केट कैप |
रिलायंस इंडस्ट्रीज | 30786 करोड़ रुपए | 19.53 लाख करोड़ रुपए |
एचडीएफसी बैंक | 26668 करोड़ रुपए | 15.15 लाख करोड़ रुपए |
बजाज फाइनेंस | 12322 करोड़ रुपए | 5.82 लाख करोड़ रुपए |
आईसीआईसीआई बैंक | 9790 करोड़ रुपए | 10.41 लाख करोड़ रुपए |
हिंदुस्तान यूनीलिवर | 9280 करोड़ रुपए | 5.61 लाख करोड़ रुपए |
एयरटेल | 7127 करोड़ रुपए | 10.65 लाख करोड़ रुपए |
एलआईसी | 3953 करोड़ रुपए | 6.07 लाख करोड़ रुपए |
इन्फोसिस | 519 करोड़ रुपए | 6.49 लाख करोड़ रुपए |
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया | 401 करोड़ रुपए | 7.25 लाख करोड़ रुपए |
टाटा ग्रुप की TCS रही सबसे ज्यादा नुकसान में
टाटा ग्रुप की IT कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) पिछले हफ्ते सबसे ज्यादा नुकसान में रही। इसकी मार्केट वैल्यू 28510 करोड़ रुपए घटकर 12.24 लाख करोड़ रुपए रह गई।